मकर संक्रांति 2026: सूर्य के मकर राशि में प्रवेश से 4 राशियों की बदलेगी किस्मत, शुरू हो सकता है स्वर्ण काल

साल 2026 की मकर संक्रांति को ज्योतिष की दृष्टि से बेहद खास माना जा रहा है। 14 जनवरी 2026 को सूर्य देव धनु राशि से निकलकर अपने पुत्र शनि की राशि मकर में प्रवेश करेंगे। इस गोचर को कई राशियों के लिए सौभाग्य का संकेत माना जा रहा है। करियर, धन, मान-सम्मान और स्वास्थ्य के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल सकते हैं।

मकर संक्रांति से ही सूर्य उत्तरायण होते हैं, जिसे देवताओं का दिन कहा जाता है। इस दिन के बाद खरमास समाप्त हो जाते हैं और शुभ एवं मांगलिक कार्यों की शुरुआत मानी जाती है। सूर्य का मकर राशि में प्रवेश जीवन में अंधकार से प्रकाश की ओर बढ़ने का प्रतीक है। इस समय शनि देव मीन राशि में विराजमान हैं, जिससे सूर्य और शनि का विशेष संयोग बन रहा है। यह संयोग कुछ राशियों के लिए बेहद शुभ फल देने वाला माना जा रहा है। यह राशिफल चंद्र राशि के आधार पर है।

कब है मकर संक्रांति 2026

वैदिक पंचांग के अनुसार मकर संक्रांति बुधवार, 14 जनवरी 2026 को मनाई जाएगी। इस दिन दोपहर 3 बजकर 13 मिनट पर सूर्य देव धनु राशि से निकलकर मकर राशि में प्रवेश करेंगे। इसी क्षण से सूर्य उत्तरायण माने जाएंगे।

मेष राशि

मेष राशि के जातकों के लिए मकर संक्रांति का समय करियर के लिहाज से काफी शुभ रह सकता है। सूर्य इस राशि के कर्म भाव में गोचर करेंगे, जिससे कामकाज में तरक्की के संकेत मिल रहे हैं। आपके कार्यों की सराहना होगी और पदोन्नति या वेतन वृद्धि के योग बन सकते हैं। नई नौकरी की तलाश कर रहे लोगों को सफलता मिल सकती है। सरकारी क्षेत्र से जुड़े जातकों को भी लाभ होने की संभावना है। व्यापार में मुनाफा बढ़ सकता है और प्रतियोगिता में आप अपने प्रतिद्वंदियों पर भारी पड़ सकते हैं। पारिवारिक जीवन सुखद रहेगा और स्वास्थ्य भी बेहतर बना रहेगा।

वृषभ राशि

वृषभ राशि के जातकों के लिए मकर संक्रांति भाग्य को मजबूत करने वाली साबित हो सकती है। सूर्य आपके भाग्य भाव में प्रवेश करेंगे, जिससे किस्मत का पूरा साथ मिलने के संकेत हैं। परिवार, भाई-बहनों और माता-पिता का सहयोग प्राप्त होगा। पैतृक संपत्ति से लाभ के योग बन सकते हैं और लंबे समय से चला आ रहा कोई विवाद भी सुलझ सकता है। इस दौरान आध्यात्मिक झुकाव बढ़ेगा और धार्मिक यात्राओं के अवसर मिल सकते हैं। दांपत्य जीवन में भी मधुरता बनी रहेगी।

सिंह राशि

सिंह राशि के लिए मकर संक्रांति विशेष फलदायी मानी जा रही है, क्योंकि सूर्य इस राशि के स्वामी हैं। सूर्य आपकी गोचर कुंडली के छठे भाव में प्रवेश करेंगे, जिससे धीरे-धीरे हर क्षेत्र में सफलता मिलने लगेगी। शत्रुओं पर विजय प्राप्त हो सकती है और यदि कोई कानूनी या कोर्ट-कचहरी का मामला चल रहा है तो उसका फैसला आपके पक्ष में आने की संभावना है। आर्थिक स्थिति में सुधार देखने को मिलेगा और आप भविष्य के लिए बचत करने में सफल रहेंगे।

मकर राशि

मकर राशि के जातकों के लिए यह समय बेहद खास रहने वाला है। सूर्य आपके लग्न भाव में प्रवेश करेंगे, जिससे आत्मविश्वास में जबरदस्त बढ़ोतरी होगी। समाज में मान-सम्मान बढ़ेगा और आपके व्यक्तित्व में निखार आएगा। राजनीति या प्रशासनिक सेवाओं से जुड़े लोगों को विशेष लाभ मिल सकता है। सेहत में सुधार होगा और आप पहले से अधिक ऊर्जावान महसूस करेंगे।

मकर संक्रांति पर करें ये उपाय

मकर संक्रांति के दिन गंगा या किसी पवित्र नदी में स्नान करना शुभ माना जाता है। इसके बाद तांबे के लोटे में जल, सिंदूर और लाल फूल डालकर सूर्य देव को अर्घ्य देना चाहिए। इस दिन गुड़, तिल, कंबल और खिचड़ी का दान करना भी अत्यंत फलदायी माना गया है। ऐसा करने से सूर्य देव के साथ-साथ शनि देव की कृपा भी प्राप्त होती है।

Tags: