Janmashtami 2026: जन्माष्टमी पर घर जरूर लाएं ये 5 चीजें, लड्डू गोपाल की कृपा से बनी रहेगी सुख-समृद्धि

Janmashtami 2026: भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव जन्माष्टमी के रूप में मनाया जाता है। इस दिन भक्त व्रत रखते हैं, आधी रात में कान्हा की पूजा करते हैं और लड्डू गोपाल का विशेष श्रृंगार करते हैं। इस साल श्रीकृष्ण जन्माष्टमी 4 सितंबर 2026, शुक्रवार को मनाई जाएगी।

जन्माष्टमी के दिन पूजा-पाठ के साथ घर की सजावट और लड्डू गोपाल के श्रृंगार का भी विशेष महत्व माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान श्रीकृष्ण से जुड़ी कुछ चीजें घर में रखना शुभ माना जाता है। इनमें मोरपंख से लेकर बांसुरी और तुलसी तक शामिल हैं।

अगर आप भी जन्माष्टमी पर अपने घर में सकारात्मक और भक्तिमय माहौल बनाना चाहते हैं तो इन 5 चीजों को पूजा स्थल में शामिल कर सकते हैं।

बांसुरी

श्रीमद्भागवत महापुराण के दशम स्कंध में कृष्ण की वेणु-ध्वनि यानी बांसुनी और उसके प्रभाव का अत्यंत सुंदर वर्णन है। गोपियां और वृंदावन के जीव-जंतु तक उनकी बांसुरी की धुन से प्रभावित होते हैं। इसलिए जन्माष्टमी के दिन बांसुरी घर लाकर उसे कान्हा को अर्पित करना लाभकारी हो सकता है। फिर इसे घर के पूर्व, उत्तर, या उत्तर-पूर्व दिशा में टांग दें। ऐसा करने से वास्तु दोष दूर होने के साथ खुशहाली बनी रहेगी।

गाय

कृष्ण का गोपाल रूप और गायों के प्रति उनका स्नेह भागवत के कृष्ण-लीला प्रसंगों में प्रमुख है। उन्हें गोविंद, गोपाल आदि नामों से भी संबोधित किया गया है। इसलिए आप इस दिन गाय और उसके बछड़े वाली मूर्ति घर ला सकते हैं। मान्यता के अनुसार, इसे जन्माष्टमी के दिन घर में लाने से परिवार के बीच प्रेम बना रहेगा और सुख-समृद्धि की प्राप्ति हो सकती है।

मोरपंख

कृष्ण के श्रृंगार में मोर पंख के बारे में वर्णन श्रीमद्भागवत 10.21.5 में मिलता है। इस जगह पर कृष्ण को मोर पंख धारण किए हुए बताया गया है। इसलिए आप चाहे, तो जन्माष्टमी के दिन घर पर मोरपंख ला सकते हैं। इसे राधा का भी प्रतीक माना जाता है। वास्तु दोष दूर करने से लेकर श्री कृष्ण और राधा रानी की कृपा पाने के लिए जन्माष्टमी के दिन या उससे पहले मोर पंख अवश्य खरीद लें।

फूलों की माला

भगवान श्री कृष्ण को फूलो की माला भी अति प्रिय है। श्रीमद्भागवत के 10.21 अध्याय में कृष्ण के वनमाला से सुशोभित होने का वर्णन मिलता है। ऐसे में आप जन्माष्टमी के दिन लड्डू गोपाल को गुलाब, कमल या फिर अन्य फूलों से बनी माला अवश्य अर्पित करें। इससे वह अति प्रसन्न हो सकते हैं।

पीताम्बर

कृष्ण के पीले वस्त्रों का वर्णन भी श्रीमद्भागवत में मिलता है। यह उनके स्वरूप का महत्वपूर्ण अंग है। ऐसे में आप जन्माष्टमी के दिन कान्हा को पीले वस्त्र धारण कराएं और उन्हें इसी दिन खरीदें। इससे कान्हा अति प्रसन्न हो सकते हैं।

जन्माष्टमी पर इन चीजों की भी कर सकते हैं खरीदारी

श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर ऊपर दी हुई चीजों के अलावा माखन-मिश्री, श्री यंत्र, पंचामृत की सामग्री, सिंहासन,  तुलसी का पौधा आदि ला सकते हैं।

Tags: